20 व्यक्तियों के चालान, पांच को हिरासत में लेकर की गई चालानी कार्रवाई

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। शनिवार, 17 अक्टूबर को की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 व्यक्तियों के मौके पर चालान किए, जबकि पांच व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों और पूछताछ के संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर चालानी कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रानीपुर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने और हुड़दंग करने से बचने की अपील की। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, हेड कांस्टेबल प्रमोद शर्मा, कांस्टेबल प्रलव चौहान, कांस्टेबल रघुबीर सिंह और पीएसी के जवान शामिल रहे।





