बहादराबाद में नवरात्रि पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, भारतीय संस्कृति और आपसी सौहार्द का दिया संदेश

बहादराबाद, हरिद्वार। नवरात्रि के पावन अवसर पर राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में डांडिया एवं गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। संगीत की धुनों पर विद्यार्थियों की थिरकन और उत्साह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

महोत्सव में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिव्या, अंबिका, अवंतिका, वंशिका, रितिका, पूर्णिमा, खुशी, इशिका और अंशिका सहित अनेक छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लयबद्ध नृत्य और सामूहिक सहभागिता ने भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें एकता, सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता हमारी विशेष पहचान है। त्योहार समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों का समावेश विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. दीपा के निर्देशन में सहयोगी शिक्षकों सिया पाल, प्रिया सैनी, अरबाब राव, समीक्षा, विशाखा, सोनिया सारस्वत और भव्या के सहयोग से किया गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और एक-दूसरे की संस्कृति एवं परंपराओं को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर कॉलेज की सचिव श्रीमती राजेश देवी, प्रबंध समिति के सदस्य दुष्यंत प्रताप और नितिन प्रताप सहित डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, रवि कुमार, दुष्यंत कुमार और राजदेव रावत उपस्थित रहे।
महोत्सव का समापन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ संस्कृति और संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया।





