शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण में भूमिका को किया याद; राज्यपाल बोले—देवभूमि के लोगों का स्नेह जीवन की अनमोल उपलब्धि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के उत्तराखंड में योगदान की सराहना करते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल प्रदेश के विकास, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण जैसे क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण रहा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, अनुशासन और दूरदर्शी सोच के माध्यम से प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को दिशा देने का प्रयास किया। उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण कर सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आवश्यकताओं को समझा। युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने के साथ ही शिक्षा में गुणवत्ता, शोध और कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा, वीर सैनिकों के त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रति राज्यपाल का विशेष सम्मान रहा। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने के प्रयास उल्लेखनीय रहे। उन्होंने राज्यपाल के सरल व्यवहार, सौम्य व्यक्तित्व और प्रदेशवासियों के प्रति आत्मीयता को भी याद किया।
देवभूमि का स्नेह सबसे अनमोल उपलब्धि: राज्यपाल
विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का राज्यपाल होना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही। यहां के लोगों से मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धियों में शामिल है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक विरासत की भूमि नहीं, बल्कि साहस, परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा का भी प्रतीक है। पिछले पांच वर्षों के दौरान शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के प्रोत्साहन, पूर्व सैनिकों के सम्मान और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर काम करने के अवसर मिले। इन प्रयासों में प्रदेश सरकार, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आमजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड विकास, शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करता रहेगा। राज्यपाल ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि यहां बिताए समय और प्रदेशवासियों के साथ बने आत्मीय संबंधों की स्मृतियां सदैव उनके हृदय में रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास के साथ लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राज्यपाल से भेंट कर उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, विधायकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।





