
हरिद्वार। पथरी थाना पुलिस ने पशु चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की भैंस बरामद कर ली है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रानीमाजरा निवासी एक महिला ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भैंस अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर झाबरी जाने वाले मार्ग के पास से मुकुल (20 वर्ष), पुत्र नरेश, निवासी पुरुषोत्तमनगर, थाना पथरी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर ग्राम झाबरी से चोरी की एक काले रंग की भैंस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर पीड़िता को बुलाकर भैंस की पहचान कराई, जिसके बाद महिला ने भैंस को अपना बताया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भैंस सकुशल बरामद होने पर पीड़िता और उसके परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। इस कार्रवाई में फेरुपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन कठैत सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।





