
प्रमेन्द्र नारायण
हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने मंगलवार को रोशनाबाद स्थित श्रीकृष्णा गार्डन कॉलोनी में अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर रानीपुर विधायक आदेश चौहान पर निशाना साधा। उन्होंने क्षेत्र की सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

मनोज धनगर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए समय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुभाष नगर में एक महिला पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठी है, इसके बावजूद विधायक ने समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई। धनगर ने तंज कसते हुए कहा कि अब विधायक को अपनी कुर्सी खिसकती नजर आ रही है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपना जवाब देगी। उन्होंने कहा कि विधायक को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए मनोज धनगर ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी मामले में वीआईपी के तौर पर नाम चर्चा में आए व्यक्ति को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। धनगर ने इसे भाजपा की कथित छोटी मानसिकता करार दिया।





