
प्रमेन्द्र नारायण
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार, 12 अक्टूबर को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य के विकास, प्रशासनिक सुधार, युवाओं के रोजगार और जनहित से जुड़े 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती संबंधी नई नियमावली, मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना और उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली-2026 को मंजूरी दी। इसके साथ ही अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक-2026 और द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक-2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की स्वीकृति दी गई।
हरिद्वार के ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी गठन को सैद्धांतिक मंजूरी मिली। वहीं, भगवानपुर तहसील के सिसौना गांव में प्रस्तावित किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में तीन मीटर की शिथिलता प्रदान की गई।
इसके अलावा स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता बढ़ाने, परिसंपत्तियों के मुद्रीकरण से प्राप्त आय का 92 प्रतिशत संबंधित सार्वजनिक अभिकरणों को देने तथा विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी भी दी गई। बैठक में वित्तीय अधिकारों, भू-उपयोग संबंधी त्रुटि सुधार और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए गए।





