
हरिद्वार, 28 जुलाई 2026। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर से सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने कहा कि कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा आवश्यकतानुसार संसाधन और मानवबल उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेकर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
राज्यपाल ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मशीनयुक्त सफाई व्यवस्था के प्रभावी संचालन पर बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में समुचित ब्रीफिंग देने और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने की भी बात कही।
उन्होंने कांवड़ मेले के संचालन में आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि एआई आधारित निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
निरीक्षण के बाद राज्यपाल हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना एवं आरती में भाग लिया तथा कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल संचालन के साथ प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर कुंभ मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एसडीएम योगेश कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक बीपेंदर कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





