
चंडी चौक पर पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हुआ भव्य स्वागत, 1 दिसंबर को होगा छावनी स्थापना का भूमिपूजन
हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने कुंभ नगरी हरिद्वार में प्रवेश किया। चंडी चौक पर बैंड-बाजे, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच साधु-संतों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्वागत समारोह में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल सहित मेला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने जूना अखाड़े के संतों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि, उपाचार्य कपिलपुरी, प्रवक्ता महंत नारायण गिरि सहित कई वरिष्ठ संत और नागा साधु मौजूद रहे।
जूना अखाड़े के रमता पंचों का नगर प्रवेश कुंभ की धार्मिक परंपराओं में महत्वपूर्ण माना जाता है। इनके आगमन के साथ ही अखाड़ों की छावनी स्थापना, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियां तेज होंगी। जूना अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 दिसंबर 2026 को छावनी स्थापना के लिए भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों और साधु-संतों के समन्वय से की जा रही हैं। धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए संतों को आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कुंभ की व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सुविधाएं मिल सकें।
रमता पंचों के आगमन के साथ ही हरिद्वार में कुंभ-2027 की धार्मिक हलचल शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में अन्य अखाड़े भी अपनी परंपराओं के अनुसार धार्मिक गतिविधियां शुरू करेंगे।





