
अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे थे बदमाश, दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और 315 बोर का तमंचा बरामद
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर एंबुश लगाया। इस दौरान पुलिस टीम ने विशाल और भूपेंद्र को पकड़ लिया, जबकि तीसरा बदमाश मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग गया।
पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो मुकुल ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र मगता (25) निवासी वाल्मीकि बस्ती, बहादराबाद, भूपेंद्र पुत्र विजय कुमार (23) निवासी मंसूरपुर झोरा, मुजफ्फरनगर और मुकुल पुत्र कन्हैया (25) निवासी ग्राम बमोरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि भूपेंद्र के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ है। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी हरिद्वार भी अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई





