
हरिद्वार। भारतीय पक्षियों की गायन कला और उनके संवाद करने के वैज्ञानिक तरीकों पर आधारित महत्वपूर्ण शोधपत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ वाइल्डलाइफ साइंस के ताजा अंक में प्रकाशित हुआ है। इस शोधपत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट ने भारतीय पक्षियों के गायन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत किया है।
डॉ. दिनेश भट्ट ने बताया कि अधिकांश भारतीय पक्षी बसंत ऋतु में सूर्योदय के समय गाना शुरू करते हैं, जबकि कुछ प्रजातियां गोधूलि बेला में भी गाती हैं। इंडियन चैट भारत में सबसे पहले गाने वाले पक्षियों में शामिल है, जो ब्रह्म मुहूर्त से ही अपना गायन शुरू कर देता है। पक्षियों के लिए सुबह का शांत वातावरण संवाद स्थापित करने में सहायक होता है।
शोध के अनुसार नर पक्षियों के गीतों की मधुरता, लयबद्धता और गायन की संख्या मादा को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विभिन्न प्रजातियों के पक्षी एक से लेकर 100 से अधिक प्रकार के गीत गाने में सक्षम होते हैं। युवा पक्षी अपने गीत अपने पिता से सीखते हैं, जबकि कुछ प्रजातियों में गायन की क्षमता आनुवंशिक रूप से विकसित होती है।
शोधपत्र के सह-लेखक एवं उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पर्यावरणीय जागरूकता प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. विनय सेठी ने बताया कि पक्षी अपने गीतों के माध्यम से साथी को आकर्षित करने, क्षेत्र की सुरक्षा करने और शिकारियों से अपने बच्चों की रक्षा करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। कुछ पक्षी अपने गीतों से पड़ोसी और अजनबी पक्षियों के बीच भी अंतर पहचान लेते हैं।
उन्होंने बताया कि पक्षियों में सोलो सॉन्ग, जुगलबंदी और समूह गान की परंपरा लाखों वर्ष पहले से विकसित है। कोतवाल, लार्क और मैना जैसी प्रजातियां दूसरे पक्षियों के गीतों की हूबहू नकल भी कर सकती हैं, जिसे मिमिक्री कहा जाता है।
डॉ. सेठी ने कहा कि भारत में पक्षियों की समृद्ध विविधता होने के बावजूद उनके संवाद संबंधी वैज्ञानिक अध्ययन अलग-अलग क्षेत्रों और संस्थानों में बिखरे हुए थे। इस शोधपत्र में पहली बार उपलब्ध अध्ययनों की समग्र समीक्षा कर उन्हें एक स्थान पर प्रस्तुत किया गया है। यह शोध युवा शोधकर्ताओं, पक्षी वैज्ञानिकों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों के लिए नए अनुसंधान की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।





