
हरिद्वार। जनपद में शातिर एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को एक माह के लिए जिला बदर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सुनील पुत्र समय सिंह (45 वर्ष), निवासी मोहल्ला काशीपुरा, मंशा देवी मार्ग, हरिद्वार के विरुद्ध आपराधिक एवं समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय हरिद्वार ने उसके जिला बदर के आदेश जारी किए थे।
आदेश के अनुपालन में कोतवाली नगर पुलिस ने नियमानुसार मुनादी कराकर सुनील को जिला बदर के आदेश की तामील कराई और उसे जनपद हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसे एक माह तक जनपद की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।





