
हरिद्वार। आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को जिला बदर किया है।
पुलिस के अनुसार, मोहनराम पुत्र रामप्रसाद (39 वर्ष), निवासी नई बस्ती, ऋषिकुल, हरिद्वार के खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय हरिद्वार ने उसके जिला बदर के आदेश जारी किए।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 10 नवंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने नियमानुसार आदेश की तामील कराई। इसके बाद मुनादी कराते हुए आरोपी को जनपद हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





