
देहरादून जनपद की 36 करोड़ रुपये से अधिक की सात विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, स्वच्छता के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को दिखाई हरी झंडी
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण करने के साथ विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जनपद के नौ नगर निकायों में विकसित किए गए देवभूमि रजत जयंती पार्क जनता को समर्पित किए गए। वहीं, देहरादून जनपद में 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि राज्य की रजत जयंती के अवसर पर सरकार ने विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया है। इसी के तहत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में देवभूमि रजत जयंती पार्क विकसित किए जा रहे हैं। पहले जहां कूड़े के ढेर और झाड़ियां दिखाई देती थीं, वहां अब हरे-भरे पार्क विकसित हो रहे हैं। इन पार्कों से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को बेहतर सार्वजनिक स्थान मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिला है। शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 107 नगर निकायों के लिए लगभग 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 27 सीवेज एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। अमृत योजना के तहत पेयजल, सीवरेज और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी कुंभ-2027 को देखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं मिल सकें। नगर निकायों की सेवाओं को भी ऑनलाइन किया जा रहा है, ताकि लोगों को संपत्ति कर, दाखिल-खारिज और ट्रेड लाइसेंस जैसी सुविधाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखना भी सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, शहरी विकास निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





