
देहरादून। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है तथा गौ संरक्षण और संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने और सभी जीवों के प्रति करुणा एवं संवेदनशीलता रखने का संदेश देता है। गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।





