
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कुछ ही घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को महिला ने कोतवाली बहादराबाद पहुंचकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से अपनी नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। विरोध करने पर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला ने पति पर अपने और बच्चों के साथ आए दिन गाली-गलौज तथा मारपीट करने का भी आरोप लगाया।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी की हरकतों के चलते नाबालिग बालिका भय और मानसिक पीड़ा में रहने लगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 398/26 के तहत बीएनएस की धारा 75(2), 115(2), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 और 9/10 में मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के किराये के मकान पर दबिश दी। जहां आरोपी मौजूद मिला। पुलिस ने उसे मुकदमे की जानकारी देते हुए हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ज्योति नेगी, कांस्टेबल अरुण चमोली और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।





