
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने का भी ऐलान किया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इसमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख रुपये कर दी जाएगी।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर मिलने वाली पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के पास खाली भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित कर वहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा खेल, योग और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। साथ ही नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर भी गहरा दुःख जताया और दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।





