
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एसएसपी नवनीत सिंह के प्रयासों से महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। वी-मार्क इंडिया लिमिटेड की ओर से पुलिस विभाग को दो लैपटॉप और आठ कंप्यूटर सेट भेंट किए गए।
पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में वी-मार्क इंडिया लिमिटेड के एमडी विकास गर्ग सहित कंपनी के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसएसपी नवनीत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान कंपनी की ओर से पुलिस विभाग को उक्त उपकरण सौंपे गए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कंपनी के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में आधुनिक उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई।
एसएसपी ने मौके पर ही प्राप्त उपकरणों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न कोतवाली और पुलिस शाखाओं में वितरित किया।
इस दौरान कंपनी के जीएम-एचआर एंड एडमिन राहुल वत्स, लीगल हेड ज्ञान प्रकाश शर्मा, एजीएम-एचआर एंड एडमिन अभय गोयल सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।





