
हरिद्वार में तीसरे दिन भी चला विशेष चेकिंग अभियान, यात्री सुरक्षा पर जोर
हरिद्वार, 25 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग का लग्जरी बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जांच की जा रही है।
चेकिंग के दौरान बसों के पंजीयन, फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही बसों की निर्धारित यात्री क्षमता, अनधिकृत बदलाव और सुरक्षा संबंधी तकनीकी मानकों के अनुपालन पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने बस संचालकों और चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा परमिट की शर्तों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा से खिलवाड़ करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, बसों का सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।





