
ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया आरोपी
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत सिडकुल पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में घूम रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया और मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को शुभम निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, डेंसो चौक, सिडकुल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा को सौंपी।
जांच के दौरान पुलिस टीम गणेश विहार जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल कृष्णा विहार कॉलोनी से चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की पहचान दीपक (23) पुत्र मन्नू सिंह, निवासी सलेमपुर, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में की है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 3(5) भी बढ़ाई हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा और हेड कांस्टेबल संजय तोमर शामिल रहे





