
शिवालिक नगर। विजयदशमी के पावन पर्व पर नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नवोदय नगर, भेल सेक्टर-4 और भेल सेक्टर-1 में आयोजित दशहरा महोत्सव में भाग लिया। इस दौरान भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार के साथ राजीव शर्मा ने रावण दहन किया और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।
श्री रामलीला समिति सर्व समाज नवोदय नगर, श्री नटराज रामलीला समिति भेल सेक्टर-4 और रामलीला समिति भेल सेक्टर-1 की ओर से आयोजित समारोह का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और भगवान श्रीराम की आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में राजीव शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि विजयदशमी भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें सिखाता है कि सत्य और धर्म की राह कठिन हो सकती है, लेकिन अंततः विजय सत्य की ही होती है।
रावण दहन के दौरान समारोह स्थल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भाग लिया। रामलीला के मंचन और आकर्षक झांकियों ने दशहरा महोत्सव को भव्य बना दिया।
इस अवसर पर लोगों ने नशाखोरी, भ्रष्टाचार और सामाजिक कुरीतियों जैसी बुराइयों को दूर करने का संकल्प लिया। राजीव शर्मा ने रामलीला समितियों के पदाधिकारियों, कलाकारों और आयोजकों को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह का समापन आतिशबाजी और दीपमालाओं के बीच विजयदशमी के उल्लास के साथ हुआ।





