जमालपुर कलां में कार्रवाई, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर 5 बसों के भी चालान

हरिद्वार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए हरिद्वार में परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रविवार को चलाए गए अभियान में चार ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि 25 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर पांच बसों के भी चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, परमिट की शर्तों और मोटर वाहन नियमों के पालन की जांच की गई।
मीडिया के माध्यम से मिली सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष चेकिंग की गई। यहां निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे चार वाहनों को सीज किया गया, जिनमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, ओवरलोड वाहनों के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और आमजन की सुरक्षा प्रभावित होती है।
अभियान के दौरान यात्री वाहनों की भी जांच की गई। परमिट की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने पर पांच बसों के चालान किए गए। परिवहन विभाग ने बस संचालकों को नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा ने बताया कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों और यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित भार क्षमता, परमिट की शर्तों तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





