
प्रमेन्द्र नारायण
बहादराबाद। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के सुल्तानपुर मजरी में पुरानी गंगनहर पर छठ पूजा के लिए बनाए गए घाट के विस्तारीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कांग्रेस विधायक रवि बहादुर की घोषणा के अनुरूप घाट से आगे 200 मीटर तक निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। शुभारंभ के अवसर पर विधिवत पूजन कर नारियल फोड़ा गया।

सुल्तानपुर मजरी का यह घाट छठ पूजा के लिए महत्वपूर्ण स्थल है। यहां ज्वालापुर और रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर छठ पर्व धूमधाम से मनाते हैं। घाट के विस्तारीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान अधिक स्थान और बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने कांग्रेस विधायक रवि बहादुर की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि घाट के विस्तार से छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और पर्व को व्यवस्थित ढंग से मनाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान मनोज धनगर, संजय पालीवाल, चौधरी किरण सिंह बाल्मीकि, राजवीर चौहान, नीरज चौहान बोंगला, अजमोद कुमार मोदी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





