
प्रमेन्द्र नारायण
हरिद्वार। हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर में वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर हुई चार लाख रुपये की चोरी का नगर कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में जम्मू-कश्मीर निवासी 25 वर्षीय आरोपी दविंदर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से खर्च के बाद बची 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को पत्रकार गोपाल रावत निवासी श्रवणनाथ नगर, हरिद्वार ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सर्विलांस तथा सुरागरसी के माध्यम से आरोपी की तलाश की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को दविंदर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लाख बीस हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन और स्मैक के नशे का आदी है तथा नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी करता था। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि चोरी के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने नशे और अन्य गतिविधियों में रुपये खर्च किए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दविंदर पुत्र किशोर, निवासी वार्ड नंबर-7, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी।





