
रुड़की, 17 अक्टूबर। आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों के प्रभावी, सुचारु एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और डेटा ऑपरेटरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जनगणना तहसीलदार रुड़की, खंड शिक्षा अधिकारी रुड़की, नगर पालिका मंगलौर, पाडली गुर्जर एवं पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के चार्ज अधिकारी और डेटा ऑपरेटर शामिल हुए। इस दौरान जनगणना से संबंधित गतिविधियों, विभागीय समन्वय, कार्मिकों की जिम्मेदारियों तथा डेटा संकलन और डिजिटलीकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना संबंधी तैयारियां समय से पूरी करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने डेटा ऑपरेटरों को डेटा प्रविष्टि में शुद्धता बनाए रखने, अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करने तथा जनगणना संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, जनगणना कार्यों के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं का त्वरित समाधान करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनगणना की तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना संबंधी गतिविधियां पारदर्शी, सुचारु और निर्धारित समयसीमा में संपन्न कराई जा सकें।





