अक्षय कुमार मसूरी-लैंढौर तो जाह्नवी कपूर नैनीताल में कर रहीं शूटिंग, फिल्म पर्यटन से स्थानीय रोजगार और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

देहरादून। उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक पर्वतीय वादियां और ऐतिहासिक स्थल बड़े फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। राज्य में इन दिनों बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग हो रही है। अभिनेता अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखण्ड की पहचान फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में मजबूत होने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के चलते फिल्म निर्माण के लिए अपार संभावनाएं रखता है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया सरल बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग से राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। सरकार फिल्म पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था से जोड़कर स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिल्म नीति 2024 से शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया होगी आसान
उत्तराखण्ड सरकार फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए फिल्म नीति 2024 के तहत अनुकूल वातावरण विकसित कर रही है। सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम के माध्यम से शूटिंग संबंधी अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था से फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में सुविधा मिलती है।
फिल्म नीति के तहत स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिल्म यूनिटों के पहुंचने से होटल, परिवहन, खान-पान और स्थानीय सेवाओं से जुड़े कारोबार में भी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
फिल्म पर्यटन से स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे पर्यटन स्थलों पर बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग उत्तराखण्ड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है। फिल्मों में इन स्थानों की खूबसूरती दिखाई देने से भविष्य में पर्यटकों की रुचि बढ़ सकती है, जिसका लाभ स्थानीय कारोबारियों को मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद फिल्म निर्माताओं को सहयोग और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। राज्य में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों को नई गति दे रही है।





