
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 31 भिक्षुकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं से जबरन भीख मांगकर उन्हें परेशान कर रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर 15 अक्टूबर को नगर कोतवाली पुलिस की टीम ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान घाटों के रास्तों पर श्रद्धालुओं को रोककर जबरन भीख मांगने और उन्हें परेशान करने के आरोप में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भीड़ में चोरों से सावधान रहने की अपील
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि गंगा स्नान और घाटों पर आवागमन के दौरान अपने मोबाइल फोन, जेवरात, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें, ताकि भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले तत्वों से बचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हरकी पैड़ी क्षेत्र में सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी, कांस्टेबल रमेश, मान सिंह, भूपेंद्र गिरी, अमित कुमार, रितेश कुमार और नितिन रावत शामिल रहे।





