वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर ‘डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम’ शुरू, छात्राओं को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने गुरुवार को पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ज्वालापुर में सोलर ड्यूल हैंडपंप और मंच शेड का लोकार्पण किया। विद्यालय में छात्राओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मंच शेड की सुविधा विकसित की गई है। इस अवसर पर वैश्विक हाथ धुलाई दिवस के उपलक्ष्य में ‘डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम’ का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा और स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। मंत्री ने हैंडपंप का संचालन कर इसकी शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान डेटॉल इंडिया स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम के बैनर और शिलापट का भी अनावरण किया गया।
साबुन से हाथ धोना बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय

वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2026 की थीम ‘बी अ हैंडवॉशिंग हीरो!’ यानी ‘हाथ धोने के नायक बनें’ स्वच्छता और स्वस्थ समाज का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोना छोटी, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण आदत है। इससे बच्चों को डायरिया और संक्रमण सहित कई बीमारियों से बचाने में मदद मिलती है।
उन्होंने छात्राओं से भोजन करने से पहले और शौचालय के इस्तेमाल के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की अपील की। साथ ही हथेलियों, उंगलियों के बीच और नाखूनों की सफाई करते हुए कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोने के महत्व पर जोर दिया।
स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की अपील
कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से स्वयं स्वच्छता की आदत अपनाने और परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, डेटॉल के जिला प्रभारी प्रकाश नेगी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, प्रधानाचार्य पूनम राणा, पार्षद निशा पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।





