प्रमेन्द्र नारायण
बेगमपुर में फैक्ट्री के बाहर हंगामा कर रहा था युवक, समझाने पर भी नहीं माना तो पुलिस ने की कार्रवाई

बहादराबाद, हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बेगमपुर में राहगीरों के साथ अभद्रता और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, युवक आने-जाने वाले लोगों के साथ लड़ाई-झगड़े पर आमादा था। समझाने के बावजूद उसका व्यवहार नहीं बदला, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को पुलिसकर्मी गश्त के दौरान बेगमपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक राहगीर ने सूचना दी कि फैक्ट्री के बाहर एक व्यक्ति हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक राहगीरों के साथ अभद्रता करते हुए विवाद कर रहा था।
पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक उग्र हो गया तथा लड़ाई-झगड़े पर आमादा रहा। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दीपक (26) पुत्र राजेंद्र, निवासी इमलिया, थाना पुवायां, जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बेगमपुर, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन और कांस्टेबल अवनेश राणा।





