
जमालपुर कलां में सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ, पूर्व कैबिनेट मंत्री ने विधायक पर लगाए आरोप
हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कलां में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कॉलोनियों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही वह पिछले कार्यकाल में शुरू कराए गए विकास कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रही हैं।

बुधवार को स्वामी यतीश्वरानंद ने दयाल एन्क्लेव, रमा विहार और रुद्र विहार मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग पिछले साढ़े चार साल से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे थे। सड़क निर्माण न होने के कारण करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित थी। उन्होंने दावा किया कि खनन विकास निगम के माध्यम से इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके प्रस्ताव पर पिछले कार्यकाल में घोषणा संख्या 1038/2021 के तहत लालढांग क्षेत्र के रसूलपुर में पुल निर्माण की घोषणा की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक इस कार्य का भी श्रेय लेने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर विकास कार्यों को लेकर श्रेय लेने की राजनीति की जा रही है, जबकि क्षेत्र की जनता विकास कार्यों की वास्तविकता जानती है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मंडल महामंत्री एवं ग्राम प्रधान हरेंद्र चौधरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, डॉ. प्रदीप चौधरी, नाथीराम चौधरी, मास्टर धर्मेंद्र चौहान, डॉ. मनमोहन, प्रमोद चौहान, तिलकराम सैनी, सुधीर ठाकुर, महक सिंह, अभिषेक, विपिन चौधरी, राजदीप सिंह, जोगेंद्र जौनी, मोहित ठाकुर और लवी चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





