शिरोमणि रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि लंबे समय से चल रहा तुगलकाबाद मंदिर दिल्ली का प्रकरण महापीठ के माध्यम से विजयपूर्वक समाप्त हो गया है। 11 सितंबर को शासन द्वारा भूमि स्थानांतरण का पत्र समिति को प्राप्त हो चुका है, जो महापीठ की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अध्यक्ष सुरजीत कुमार ने यह भी जानकारी दी कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती देशभर में बड़े उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इसके लिए हर प्रदेश, जिला व गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में देश के 26 प्रदेशों में शिरोमणि रविदास विश्व महापीठ का गठन भी पूर्ण हो चुका है।
उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रदेश स्तरीय अधिवेशन 12 अक्टूबर 2025 को हरिद्वार में संभावित रूप से आयोजित होगा, जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम शामिल होंगे।
राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने बताया कि पीठ समाज सेवा में सक्रिय है और तुगलकाबाद मंदिर का निर्माण भव्य व दिव्य रूप से संपन्न कराएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी अशोक भारती, प्रदेश संरक्षक किशोर पाल, मोदीमल तेगवाल, संगठन महामंत्री सतीश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गौतम, जिला अध्यक्ष देशराज, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट नेहा बर्मन, सोनू कुमार, वीरेंद्र कुमार, साधु संप्रदाय से संदीप खत्री, डॉक्टर संजय जी, भूप सिंह सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।