
भूकंप, बाढ़, भगदड़ और अग्निकांड जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखा, जिलाधिकारी के निर्देशन में विभिन्न विभागों ने किया संयुक्त अभ्यास
हरिद्वार, 28 नवंबर। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को हरिद्वार जनपद में 11 स्थानों पर एक साथ राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने भूकंप, बाढ़, भगदड़, अग्निकांड और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया। इस दौरान अलग-अलग घटनास्थलों पर घायल दर्शाए गए 155 लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान सुबह 9:35 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भूकंप के झटकों की सूचना मिली। इसके बाद इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) सक्रिय कर राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल घटनास्थलों के लिए रवाना किया गया। बीएचईएल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सहित रुड़की, मंगलौर, भगवानपुर और खानपुर के विद्यालयों में भवन क्षतिग्रस्त होने तथा बच्चों के मलबे में दबे होने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया। खानपुर में 22 लोगों को सुरक्षित निकालकर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
सिडकुल रोशनाबाद स्थित हीरो मोटोकॉर्प और एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने तथा प्लांट में धुआं भरने की स्थिति तैयार की गई। वहीं चंडीघाट पुल के पास बस और ट्रक की टक्कर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भगदड़ तथा हरकी पैड़ी के शिव पुल पर गंगा का जलस्तर बढ़ने से यात्रियों के बहने जैसी परिस्थितियों में भी बचाव अभियान चलाया गया। जल पुलिस ने गंगा में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।
मॉक एक्सरसाइज के लिए विभिन्न क्षेत्रों में स्टेजिंग एरिया और रिलीफ कैंप भी बनाए गए थे। सभी 11 मॉक ड्रिल स्थलों पर ऑब्जर्वर तैनात किए गए, जिन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। अभ्यास में जेसीबी, एंबुलेंस, फायर टेंडर, राफ्ट, मोटराइज्ड राफ्ट, वुड कटर और आयरन कटर सहित आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
अभ्यास के समापन पर जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इसमें घटनास्थलों तक पहुंचने के रिस्पांस टाइम, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। साथ ही सामने आई कमियों को दूर कर भविष्य में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विभव गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





