
पीली पट्टी के बाहर सामान रखने पर होगी जब्ती की कार्रवाई, जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने हटाया अतिक्रमण
हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में मनसा देवी मार्ग की गली से हरकी पौड़ी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारु बनाने का प्रयास किया। प्रशासन का उद्देश्य कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर करना है।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही सामान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीली पट्टी के बाहर फड़, ठेली या अन्य सामान रखने पर उसे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों और ठेली संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।





