
साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित करने और ठगी करने का आरोप
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित करने और ठगी करने के आरोप में 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172(2) के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोग साधु-संतों के वेश में घूमकर विशेषकर महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत अथवा घरेलू समस्याओं का समाधान करने का प्रलोभन देते थे। आरोप है कि इस तरह वे लोगों की धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाकर उन्हें भ्रमित करते और ठगी करते थे।
हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि धार्मिक वेश धारण कर लोगों को गुमराह करने और ठगी करने वालों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए 17 लोगों को कथित कालनेमि बताया है।





