
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार जनपद में 21 अक्टूबर से 7 नवंबर तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 35 क्षेत्रों, संस्थाओं और विभागों के नोडल अधिकारी नामित किए हैं। अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ गंगा घाटों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, संत समाज, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों और औद्योगिक इकाइयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम हरिद्वार एवं रुड़की, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित होगा, जबकि जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अभियान के दायरे में रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, राष्ट्रीय राजमार्ग, फ्लाईओवर, औद्योगिक क्षेत्र, सिडकुल, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, रोपवे, पर्यटन स्थल, नहरें, तालाब, पेयजल संसाधन और पार्किंग स्थल भी शामिल हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई से पहले और बाद की फोटो भेजना अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन किए जाने वाले सफाई कार्यों की जीपीएस लोकेशन के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करनी होंगी। इसके लिए मोबाइल नंबर 8273371714 निर्धारित किया गया है। अभियान की नियमित निगरानी और प्रगति का अनुश्रवण भी किया जाएगा।
विजयदशमी पर हरकी पैड़ी के घाटों की सफाई
उधर, विजयदशमी के अवसर पर नगर निगम हरिद्वार ने हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की टीम और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सफाई कार्यों में भाग लिया। इस दौरान घाटों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कुंभ मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नियमित सफाई और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान देने की तैयारी की है। नगर निगम ने नागरिकों और सामाजिक संगठनों से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा नहीं फैलाने तथा गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।





