वाल्मीकि चौक से मंशा देवी मार्ग तक चलाया अभियान, पीली पट्टी के बाहर सामान रखने पर जब्ती की चेतावनी

हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक से मंशा देवी मार्ग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया। प्रशासन का उद्देश्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन सुचारु बनाना और कुंभ मेले के दृष्टिगत शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर करना है।
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही सामान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीली पट्टी के बाहर फड़, ठेली या अन्य सामान रखने पर उसे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने की अपील की।
कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन शहर की सड़कों और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने में जुटा है।





