बच्चों से पूछे गणित के सवाल, खेल मैदान की व्यवस्था पर भी दिया जोर

हरिद्वार। जनपद की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के पढ़ाई के स्तर और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। पुराने विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए उन्होंने नए भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे। उन्होंने बच्चों से गणित के प्रश्न भी हल करवाए। विद्यार्थियों द्वारा सवालों के सही जवाब देने पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि की सराहना की।
जिलाधिकारी ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों को पाठ्यक्रम के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाए, ताकि वे किताबी शिक्षा का उपयोग दैनिक जीवन में कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं।
विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को पुराने भवन के स्थान पर नया विद्यालय भवन बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विकास करने और शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





