
प्रमेन्द्र नारायण
बहादुरपुर जट, 13 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ज्वालापुर इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादुरपुर जट की छात्रा लविष्णा ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
कक्षा 11 की मेधावी छात्रा लविष्णा ने सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच भाषण प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। खंड शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद की ओर से लविष्णा को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटी की प्रतिभा, मेहनत और मजबूत इरादों की जीत है। उन्होंने कहा कि लविष्णा ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उन्हें विश्वास है कि छात्रा भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।
प्रधानाचार्य ने लविष्णा और उसके अभिभावकों को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रा की इस सफलता से बहादुरपुर जट गांव और विद्यालय का गौरव बढ़ा है।





