
शिवालिक नगर (भेल) हरिद्वार।
इन्द्रलोक आवासीय कल्याण समिति की आम सभा की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार दिनांक 4 जनवरी 2026 को समिति के प्रमुख पदों—अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष—के लिए चुनाव कराए गए। इस चुनाव प्रक्रिया को चयनित चुनाव अधिकारियों सुनील आर्या और मुख्त्यार सिंह द्वारा पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
अध्यक्ष पद के लिए देवपाल सिंह राठी एवं नरेश बालियान, महामंत्री पद के लिए प्रभात कौशिक एवं सीमा सैनी तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए राजपाल सैनी एवं कामेश्वर सिंह प्रत्याशी मैदान में थे। 4 जनवरी 2026 को हुए मतदान एवं उसी दिन सम्पन्न मतगणना के उपरांत अध्यक्ष पद पर नरेश बालियान, महामंत्री पद पर सीमा सैनी और कोषाध्यक्ष पद पर कामेश्वर सिंह को विजयी घोषित किया गया।
समिति के पूर्व महामंत्री डॉ. विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसका परिणाम यह रहा कि लगभग 88 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने इसे कॉलोनी के नागरिकों की जागरूकता और एकता का प्रतीक बताया।
चुनाव अधिकारियों द्वारा परिणाम घोषित किए जाने के बाद विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं एवं मिष्ठान से स्वागत किया गया। चुनाव में पराजित प्रत्याशियों ने भी विजयी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि नई समिति इन्द्रलोक कॉलोनी के विकास के लिए बेहतर कार्य करेगी।
डॉ. त्रिपाठी ने मतदान में भाग लेने वाले सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा कॉलोनी में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए उनकी भूमिका की सराहना की। साथ ही, जो निवासी अभी समिति के सदस्य नहीं हैं, उनसे सदस्यता ग्रहण कर कॉलोनी के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अंत में डॉ. त्रिपाठी ने नव निर्वाचित समिति को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी समिति के साथ खड़े रहेंगे और इन्द्रलोक कॉलोनी को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित कॉलोनी बनाने में हर संभव सहयोग प्रदान करते रहेंगे। उन्होंने चुनाव अधिकारियों सुनील आर्या और मुख्त्यार सिंह को भी सफल चुनाव संपन्न कराने के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया।


