
हरिद्वार। प्रमेन्द्र नारायण
इंद्रलोक आवासीय कल्याण समिति की पूर्व निर्धारित साधारण सभा की बैठक 21 दिसंबर 2025 को सामुदायिक केंद्र, इंद्रलोक में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के आगामी वार्षिक चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से चुनाव की तिथि 4 जनवरी 2026 निर्धारित की गई।

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष जोबिंदरपाल आर्य ने की, जबकि संचालन समिति के महामंत्री डॉ. वी.के. त्रिपाठी द्वारा किया गया। महामंत्री डॉ. त्रिपाठी ने समिति की सदस्यता सूची की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित समय सीमा के बाद कोई नई सदस्यता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने इच्छुक सदस्यों से समय रहते अपनी सदस्यता शुल्क कोषाध्यक्ष के पास जमा कराने का आग्रह किया। साथ ही समिति द्वारा अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया।
समिति के संरक्षक देवपाल सिंह राठी ने अध्यक्ष की अनुमति से सामुदायिक केंद्र के आय-व्यय का ब्यौरा साधारण सभा के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि इंद्रलोक का सामुदायिक केंद्र हरिद्वार के श्रेष्ठ केंद्रों में से एक है और भविष्य में इसमें और अधिक सुविधाएं विकसित किए जाने पर विचार किया जाएगा।
संरक्षक प्रेमचंद सैनी ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इंद्रलोक आवासीय कल्याण समिति कॉलोनी की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ सराहनीय कार्य कर रही है।
सभा में सर्वसम्मति से सुनील आर्य को मुख्य चुनाव अधिकारी तथा मुख्तयार सिंह को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। समिति सदस्यों ने उनसे निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभा के समापन पर उपाध्यक्ष आर.एस. राठौर ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया



