
4-5 महीने से चल रहा था विवाद, वारदात के बाद फर्श पर पोछा लगाकर मिटाने लगा साक्ष्य, कपड़े बदलकर भागने की थी तैयारी
हरिद्वार, 22 नवंबर। कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां संविदा पर नियुक्त चालक ने अपने ही अधिकारी को गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली अधिकारी को छूकर निकल गई और उनकी जान बच गई। घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद मौके पर पहुंची कनखल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को विष्णु गार्डन क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि संविदा चालक विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह निवासी पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी सर्वप्रिय विहार, कनखल ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल को गोली मार दी है। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने और साक्ष्य मिटाने के लिए घटनास्थल पर सफाई शुरू कर दी। वह फर्श पर पोछा लगा रहा था और कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी में था। हालांकि, कनखल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार से पांच महीनों से अधिकारी के साथ उसका विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार, वह अधिकारी की टोका-टाकी और कथित तौर पर परेशान किए जाने से नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अधिकारी पर गोली चला दी।
पुलिस ने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर पर आरोपी विनोद नेगी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 449/26, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे।





