
विश्व मात्स्यिकी दिवस पर जलीय जैव विविधता के संरक्षण का दिया संदेश, जनसहभागिता की अपील
हरिद्वार, 22 नवंबर। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ावा देना, जलीय जैव विविधता का संरक्षण करना और नदी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और संस्कृति का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन से प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन, मछलियों की उपलब्धता बढ़ाने और जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषण से बचाना और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास सुरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम के माध्यम से गंगा की प्राकृतिक संपदा के संरक्षण, जलीय जैव विविधता के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





