
एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने किया जागरूक, बोलीं- महिलाओं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनना होगा
हरिद्वार, 22 नवंबर। महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन और महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर रविवार को जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसायटी (ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस की हरिद्वार शाखा) की ओर से साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 210 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर हिंसा मुक्त समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शंकर आश्रम चौक स्थित श्री भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में सुबह आठ बजे हुआ। मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लड़कियों और महिलाओं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनना होगा। घर से बाहर निकलते समय यह संकल्प लेना चाहिए कि न तो किसी को प्रताड़ित करेंगे और न ही स्वयं किसी का अत्याचार सहन करेंगे। उन्होंने महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन और वूमेन सेफ्टी ऐप की जानकारी रखने की सलाह दी। साथ ही आत्मरक्षा, जागरूकता और आत्मविकास पर ध्यान देने का आह्वान किया।

संस्था की पैट्रन मंजुला भगत ने ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस की गौरवशाली परंपरा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। हाईकोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने कहा कि समाज में महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न गंभीर विषय हैं। इसके साथ ही पुरुषों के साथ होने वाली प्रताड़ना पर भी संवेदनशीलता और संतुलित दृष्टिकोण से विचार किया जाना चाहिए।
इसके बाद मुख्य अतिथि अरुणा भारती, डॉ. प्रीत शिखा वर्मा, अधिवक्ता ललित मिगलानी, मंजुला भगत, अलका शर्मा, नीरू जैन, संस्था की सचिव डॉ. करुणा शर्मा और कोषाध्यक्ष मोनिका गर्ग ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया। वॉकथॉन महाविद्यालय से आर्य नगर चौक तक निकाली गई। इसके बाद प्रतिभागी वापस महाविद्यालय पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
वॉकथॉन में केयर कॉलेज और डिवाइन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों, यूथ विंग के सदस्यों, संस्था पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशिमा श्रवण ने किया। सचिव डॉ. करुणा शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षण संस्थानों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान डॉ. कपिल राणा, डॉ. भावना, डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. दीपा अग्रवाल, डॉ. रजनी सिंघल, डॉ. कल्पना चौधरी, नित्या चौधरी, डॉ. पल्लवी राणा, डॉ. कामना जोशी, मनोज कुमार, संध्या, ज्योति, यशवी, श्रेया, निधि हंडा, निधि शर्मा, शिखा ध्यानी, अन्नपूर्णा बंदूनी, ज्योत्सना मेहरोत्रा, सरिता कलानी, नीलम नसवा, टीना घई, हिमानी और मिलन सैनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि वॉकथॉन का उद्देश्य केवल जागरूकता रैली निकालना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक महिला सुरक्षा, समानता और आत्मसम्मान का संदेश पहुंचाना है। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।





