
हरिद्वार । बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम बेगमपुर से करीब तीन महीने पहले लापता हुई नाबालिग किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। किशोरी के परिजन उसकी तलाश और न्याय की गुहार लगाते हुए दर-दर भटक रहे हैं। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले में जल्द कार्रवाई कर किशोरी की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
मामले के अनुसार, किशोरी के मामा संजीव कुमार निवासी ग्राम नाई नगला, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 19 जुलाई 2026 की सुबह करीब छह बजे दीपक नाम का युवक उनकी भतीजी को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था। पुलिस नें मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। तहरीर में बताया गया था कि किशोरी ग्राम बेगमपुर में अपनी चचेरी बहनों के साथ किराये के मकान में रहती थी और आरोपी युवक भी बाजाज मोटर्स कंपनी में काम करता था।
परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी नाबालिग किशोरी का कोई पता नहीं चला है। परिजनों ने बताया कि बीते दिनों पुलिस चौकी से उनके पास फोन आया था कि उनकी लड़की और युवक मिल गए हैं और वे चौकी पहुंचें। इसके बाद परिजन अगले दिन सुबह चौकी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि किशोरी और युवक वहां से भाग गए हैं।
परिजनों का कहना है कि एक ओर उनकी नाबालिग बेटी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है, वहीं दूसरी ओर उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोरी की जल्द सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





