
इगास उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक : मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी के आवास पहुंचकर उत्तराखंड के लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सांसद अनिल बलूनी के परिवारजनों को भी पर्व की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोकर रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे पर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





