
हरिद्वार में मिठाई, पनीर, बेकरी उत्पाद और पान मसाले के सैंपल लिए; एक्सपायरी डेट न मिलने पर दुकानदारों को नोटिस
हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। सोमवार, 27 अक्टूबर को विभागीय टीमों ने हरिद्वार नगर निगम और तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मिठाई की दुकानों, बेकरी प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंटों और खाद्य निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आठ खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। सुभाषगढ़ और दीनारपुर स्थित मिठाई एवं पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर खुले में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों के तीन और पनीर का एक नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मिठाई निर्माण इकाई में स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। हालांकि, संचालक को खिड़कियों पर नेट स्क्रीन लगाने, रंगाई-पुताई कराने, कंटेनरों की सफाई और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पनीर निर्माण इकाई में एनालॉग पनीर का निर्माण होता नहीं पाया गया। मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट से संबंधित कोई पदार्थ या रसायन भी नहीं मिला।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में गठित टीम ने शिव मूर्ति चौक, रेलवे रोड, रानीपुर मोड़, गोविंदपुरी, आर्य नगर और ज्वालापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि तथा उपयोग की अंतिम तिथि अंकित होने की जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों पर आवश्यक विवरण अंकित नहीं मिलने पर संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।
शिकायत के आधार पर कनखल की एक मिठाई की दुकान से लड्डू, रेलवे रोड स्थित रेस्टोरेंट से टोफू, शिव मूर्ति चौक स्थित बेकरी से कुल्चा और पाव तथा ज्वालापुर के एक थोक विक्रेता से पान मसाले का नमूना लिया गया।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने बताया कि सभी आठ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा।





