
चंडी चौक अंडरपास और प्रशासनिक रोड का काम समय पर पूरा करने के निर्देश, प्रतिदिन के कार्यों का चार्ट बनाने को कहा
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने शंकराचार्य चौक, कनखल सहित कुंभ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सड़कों और चौराहों के सुधार, सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पेयजल व्यवस्था और घाटों से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कुंभ के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
देर शाम मेलाधिकारी ने प्रशासनिक रोड परियोजना और चंडी चौक के निकट निर्माणाधीन डबल लेन अंडरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और आगामी दिनों में प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्ट चार्ट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके और तय समयसीमा में काम पूरा हो।
मेलाधिकारी ने चंडी चौक के सुधार कार्यों और राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन के चौड़ीकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए सड़क संबंधी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





