
लक्सर से ब्राह्मणवाला तक छह घंटे में पहुंचा जनसमूह, विधायक उमेश कुमार ने सर्वसमाज का जताया आभार
खानपुर/हरिद्वार। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्राह्मणवाला में संत शिरोमणि गुरु रविदास धाम के निर्माण को लेकर रविवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। लक्सर के शिव चौक से लेकर खानपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्राह्मणवाला तक संत गुरु रविदास के अनुयायियों और विभिन्न समाजों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, जनसमूह को लक्सर से ब्राह्मणवाला तक पहुंचने में करीब छह घंटे का समय लगा।
खानपुर विधायक उमेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि आज उमड़े जनसैलाब से संत शिरोमणि गुरु रविदास के प्रति लोगों की श्रद्धा और आस्था का पता चलता है। उन्होंने कहा कि सभी समाजों के लोगों ने जिस तरह से कार्यक्रम में भागीदारी की, वह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यादगार रहेगा। धाम के निर्माण के लिए जमीन दान करने वाले लोगों का योगदान भी हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक स्थल समाज को जोड़ने तथा संत गुरु रविदास के विचारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बताया गया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास धाम के निर्माण के लिए करीब साढ़े चार बीघा जमीन दान की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये बताई गई है। शेर सिंह द्वारा धाम के लिए जमीन दान किए जाने पर विधायक उमेश कुमार ने उनका विशेष रूप से धन्यवाद किया।
इस दौरान विधायक ने सर्वसमाज के लोगों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि धाम के निर्माण में सहयोग देने वाले सभी लोगों का योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।





