
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने। उन्होंने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पिथौरागढ़ सहित आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मेडिकल कॉलेज के संचालन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल और फकीर राम टम्टा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





