
आने-जाने वाले लोगों को आकर्षित करने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, गाली-गलौच के बाद मारपीट की बनी स्थिति
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर महिलाओं के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला गाली-गलौच से बढ़कर मारपीट तक पहुंचने की स्थिति में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों की आठ महिलाओं को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक और रेलवे गेट क्षेत्र में चेकिंग, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान रोडवेज बस अड्डे से आगे रेलवे गेट के सामने महिलाओं के दो पक्ष आपस में गाली-गलौच करते हुए झगड़ते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाद की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि आने-जाने वाले व्यक्तियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मौके पर शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की कुल आठ महिलाओं को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135 और 170 के तहत हिरासत में लिया।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक निशा सिंह सहित महिला कांस्टेबल शोभा, मुन्नी राणा, पूजा शर्मा तथा कांस्टेबल कमल मेहरा और हरीश रतूड़ी शामिल रहे।





