
ऑपरेशन प्रहार के तहत सिडकुल पुलिस की कार्रवाई, 17,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला; महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों पर सख्ती
/हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों और ढाबों पर बैठकर शराब पीने तथा हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सिडकुल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर 70 लोगों को पकड़ा। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 17,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस के अनुसार, सिडकुल की फैक्ट्रियों में छुट्टी के समय शराब के नशे में कुछ लोगों द्वारा राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान चलाया गया।
थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को पकड़ा। पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान आगे भी चलाया जाएगा।





